पहली बार एक दिन में 11 हजार से ज्यादा मरीज बढ़े, जून के 10 दिन में ही 96 हजार मामले; अब तक 2.87 लाख केस
देश में लॉकडाउन में ढील के बाद से ही कोरोना मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं। बुधवार को पहली बार एक दिन में 11 हजार से ज्यादा मरीज मिले। इससे पहले 7 जून को सबसे ज्यादा 10,884 कोरोना पॉजिटिव मिले थे। एक दिन पहले 6 जून को 10,428, 5 जून को 9379, 9 जून को 8852 और 8 जून को 8444 मामले सामने आए थे। जून के पहले 10 दिनों में ही कोरोना के 96 हजार केस मिल चुके हैं।
महाराष्ट्र में बुधवार को सबसे ज्यादा 3254, तमिलनाडु में 1927 और दिल्ली में 1501 कोरोना पॉजिटिव मिले। देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 2 लाख 87 हजार 155 हो गई। ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के आधार पर हैं।
इस बीच, अच्छी खबर यह है कि देश में एक्टिव से ज्यादा स्वस्थ मरीजों की संख्या बढ़ी है। अब तक कुल 1,40,979 संक्रमित ठीक हो चुके हैं, जबकि एक्टिव मरीजों की संख्या 1,38,054 है। अकेले बुधवार को 6326 मरीज ठीक हुए और रिकवरी रेट भी करीब 49 फीसदी हो गया है।
इधर, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने बुधवार को लोगों से अपील की है कि वे बेवजह भीड़ न बढ़ाएं वरना लॉकडाउन में दी गई ढील वापस ले ली जाएगी। उद्धव ने कहा कि हम इकोनॉमिक साइकिल को रोक नहीं सकते इसलिए लॉकडाउन को कई चरणों में हटा रहे हैं। लेकिन, अगर लॉकडाउन में सहूलियतें खतरा बन जाएंगी तो हम दोबारा इसे लागू कर देंगे
कोरोना अपडेट्स
- दिल्ली में अस्पतालों को एलईडी बोर्ड पर खाली बेड की सूचना देनी होगी। उपराज्यपाल ने इस संबंध में मुख्य सचिव को निर्देश दिए हैं।
- सिविल एविएशन मिनिस्टर हरदीप सिंह पुरी ने बुधवार को बताया कि 25 मई से अब तक एयरपोर्ट पर 8 लाख यात्रियों की आवाजाही हुई है।
- आईटीबीपी में बीते 24 घंटे में कोरोना का सिर्फ एक नया केस सामने आया है। अब तक आईटीबीपी के 194 जवान स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 22 एक्टिव मरीज हैं
- बॉर्डर सिक्युरिटी फोर्स (बीएसएफ) ने बताया कि संक्रमण से एम्स में एक कॉन्स्टेबल की मौत हो गई। यह बीएसएफ में तीसरी मौत है। वह दिल्ली पुलिस के साथ तैनात था। उसे 5 जून को अस्पताल में भर्ती किया गया था।
5 राज्यों का हाल
मध्यप्रदेश: राज्य में संक्रमितों की संख्या 10 हजार से ज्यादा हो गई है। बुधवार को 200 मरीज मिले। इसमें भोपाल में 78 मामले हैं। यहां संक्रमितों की संख्या 2005 हो गई। उधर, इंदौर में 3830 से ज्यादा मरीज मिले हैं। अच्छी खबर यह है कि यहां रिकवरी रेट 64% तक पहुंच गया है। इस पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने खुशी जताई है। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री नरोत्तम मिश्रा से बात की।

उत्तरप्रदेश: राज्य में संक्रमितों की संख्या 11,610 हो गई है। यहां बुधवार को 275 कोरोना पॉजिटिव मिले। बुधवार को जौनपुर में 24 नए मामले सामने आए। इसके बाद जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 352 हो गई। कानपुर में लगातार बढ़ करे कोरोना संक्रमितों को देखते हुए धार्मिक स्थलों को 30 जून तक बंद करने का फैसला लिया गया है।

महाराष्ट्र: राज्य में बुधवार को 3254 नए कोरोना मरीज मिले। यहां संक्रमितों की संख्या 94,041 हो गई है। बुधवार को राज्य में 149 कोरोना मरीजों की मौत हुई। इसके साथ मृतकों का आंकड़ा 3438 हो गया।

राजस्थान: राजस्थान में बुधवार को 355 कोरोना पॉजिटिव मिले। इनमें से 40 जयपुर में, 34 भरतपुर में, पाली और सीकर में 11-11, झुंझुनू में 9, नागौर में 5, कोटा में 3 और अलवर में 2 संक्रमित मिले। राजस्थान सरकार ने बढ़ते संक्रमण को देखते हुए अपने राज्य की सीमाओं को सील कर दिया। केवल उन्हीं लोगों को एंट्री दी जाएगी, जिनके पास होंगे।
बिहार: राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि बुधवार को 243 कोरोना पॉजिटिव मिले। इसके साथ राज्य में संक्रमितों की संख्या 5698 हो गई। मंगलवार को दो कोरोना मरीजों की मौत हुई थी। इनमें एक औरंगाबाद का एक दरोगा भी शामिल है।

