11वीं में विज्ञान संकाय में दाखिला लेने विद्यार्थियों को विज्ञान की परीक्षा देना है अनिवार्य
11वीं कक्षा में विज्ञान की पढ़ाई के लिए 10वीं कक्षा के विद्यार्थियों को विज्ञान की परीक्षा देनी होगी। इसके लिए शिक्षा बोर्ड ने स्कूलों सो 15 जून तक ऐसे विद्यार्थियों की सूची मांगी है। इसके बाद परीक्षा की तिथि घोषित की जाएगी।
कोरोना महामारी के चलते शिक्षा बोर्ड ने 10वीं और 12वीं कक्षा की कई परीक्षाएं रद्द कर दी थी। लंबे समय से विद्यार्थी इन परीक्षाओं का दोबारा शेड्यूल जारी होने का इंतजार रहे हैं। जो परीक्षाएं हो चुकी हैं, उनके आधार पर परीक्षा परिणाम घोषित करने को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। बोर्ड केवल दसवीं कक्षा की ही विज्ञान की परीक्षा आयोजित करवाएगा। यह परीक्षा सभी विद्यार्थियों के लिए अनिवार्य नहीं है। विज्ञान विषय की परीक्षा केवल उन विद्यार्थियों को ही देनी होगी, जो 11वीं कक्षा में विज्ञान संकाय से पढ़ाई करेंगे।
स्कूलों को किया जाएगा सैनिटाइज
सरकार द्वारा स्कूलों को खोलने को लेकर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। स्कूल में विद्यार्थियों और शिक्षकों को कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाने के लिए सभी स्कूलों को सैनिटाइज किया जाएगा। इसके लिए शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों के लिए सैनिटाइजर भिजवाए हैं। सभी स्कूल संचालकों को सैनिटाइजर बीईओ कार्यालय से लेना है। प्रत्येक स्कूल को 15 से 20 लीटर सैनिटाइजर दिया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार सैनिटाइजर का घोल तैयार कर स्कूल भवन, कलाश रूम, प्राचाय व शिक्षकों के कार्यालय सैनिटाइज करने हैं।
प्रदेश में विज्ञान की परीक्षा पर सहमति न मिली तो शून्य मानी जाएगी रिपोर्ट
भिवानी | कोरोना महामारी के चलते स्थगित हुई सेकंडरी (मुक्त विद्यालय, शैक्षिक) परीक्षा मार्च-2020 से संबंधित परीक्षार्थियों को विज्ञान विषय का पेपर देने, न देने की सहमति की सूचना 15 जून तक शिक्षा बोर्ड को भेजनी होगी।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. जगबीर सिंह ने बताया कि सेकंडरी (मुक्त विद्यालय/ शैक्षिक) मार्च-2020 से संबंधित फ्रैश श्रेणी, पूर्ण विषय स्वयंपाठी परीक्षार्थी, जिन्होंने चार विषयों की परीक्षा तो दी थी, लेकिन जिनकी स्थगित हो गई थी। उन शेष विषयों की परीक्षाओं का आयोजन शीघ्र होना है। ऐसे परीक्षार्थी जो 11वीं कक्षा में विज्ञान संकाय (मेडिकल, नॉन मेडिकल)से जुड़े संस्थानों में दाखिला लेना चाहते हैं, तो उन्हें विज्ञान विषय की परीक्षा देनी अनिवार्य होगी। इसके अतिरिक्त जो परीक्षार्थी स्वेच्छा से विज्ञान विषय की परीक्षा देना चाहते हैं, वह दे सकते हैं। इसी प्रकार सेकंडरी (मुक्त विद्यालय,शैक्षिक)कम्पार्टमेंट, सीटीपी, रि-अपीयर, अतिरिक्त विषय, अंक सुधार व पूर्ण विषय अंक सुधार के बचे हुए शेष विषयों की परीक्षाओं का आयोजन भी शीघ्र होगा। परीक्षा की तिथियों की सूचना बोर्ड वेबसाइट, समाचार-पत्रों में प्रकाशित कराई जाएगी। विज्ञान विषय की परीक्षा न देने वाले परीक्षार्थियों की सहमति प्राप्त नहीं होती है तो रिपोर्ट शून्य मानी जाएगी।