नक्सलियों का फरमान- हमें टैक्स दें या फिर संगठन से जुड़ें; दहशत के चलते 5 युवक गांव छोड़कर भागे

Kailash

नक्सलियों का फरमान- हमें टैक्स दें या फिर संगठन से जुड़ें; दहशत के चलते 5 युवक गांव छोड़कर भागे

  • सिकंदरा प्रखंड का पाठकचक गांव, यहीं नक्सलियों ने आकर पांच परिवारों को धमकाया।


बिहार के जमुई जिले के मिरचा पाठकचक गांव से 5 युवक नक्सली आतंक के चलते गांव छोड़कर भाग गए हैं। नक्सलियों ने गांव के इन युवको को संगठन में शामिल होने का फरमान जारी किया था। लॉकडाउन खत्म होने के बाद से ही इलाके में नक्सली संगठन की सक्रियता बढ़ गई है।
पैसा वसूलने और अपनी मौजूदगी दर्ज कराने के लिए नक्सली लगातार घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। चकाई इलाके में नक्सलियों ने सड़क निर्माण में लगी तीन जेसीबी मशीन को जलाया और मजदूरों के साथ मारपीट की थी।

संगठन में शामिल नहीं हो रहे तो पैसे दें

नक्सलियों ने गांव के 5 युवकों के खिलाफ फरमान जारी कर कहा है कि वे सभी संगठन में शामिल नहीं होते हैं तो संगठन को टैक्स देना शुरू करें। जानकारी के मुताबिक, नक्सली नेता अरविंद यादव के नेतृत्व में संगठन के एक दस्ते ने रविवार देर शाम मिरचा-पाठकचक जंगल में बैठक की। इस दौरान 5 पांच युवकों को बैठक में आने का संदेश भिजवाया। पांचों डर गए और गांव छोड़कर भाग गए।
वहीं, बैठक में युवकों के नहीं आने से नाराज नक्सली दस्ता देर रात गांव पहुंचा सभी युवकों के घर जाकर नक्सली नेता का मोबाइल नंबर देते हुए उससे बात करने को कहा। परिजन को बैठक के फैसले की भी जानकारी दी। बताया जाता है कि संगठन ने जिन युवकों को संगठन में जुड़ने या टैक्स देने की बात कही, वे सभी जंगली इलाके में शराब के अवैध कारोबार से जुड़े हैं।
बढ़ी चौकसी: जंगल में चला सर्च अभियान, नहीं मिली कामयाबी
नक्सलियों की इस हरकत के बाद एएसपी अभियान सुधांशु कुमार के अगुआई में नक्सलियों के खिलाफ मिरचा-पाठकचक जंगल में छापेमारी अभियान चलाया गया था। हालांकि, इसमें सुरक्षाकर्मियों को कोई कामयाबी नही मिली। वहीं, नाम नहीं छापने के भरोसे के बाद सभी पीड़ितों ने बताया- नक्सलियों ने 7 जून की देर शाम बैठक की थी। संगठन में शामिल नहीं होने पर 10 से ज्यादा युवकों से दो-दो लाख रुपए मांगे गए।
एएसपी सुधांशु कुमार के मुताबिक, नक्सलियों के इलाके में आने की सूचना पर सर्च अभियान चलाया, लेकिन वे जंगल में भाग गए। हम नजर रख रहे हैं। नक्सलियों द्वारा जारी फरमान की अब तक किसी ने शिकायत नहीं की है