भोपाल में हफ्ते में 5 दिन खुलेगा बाजार, पंजाब में शनिवार-रविवार को घर से निकलने पर रोक

Kailash

24 घंटे में 11128 मरीज बढ़े, अब 2.98 लाख केस; भोपाल में हफ्ते में 5 दिन खुलेगा बाजार, पंजाब में शनिवार-रविवार को घर से निकलने पर रोक

  • यह तस्वीर दिल्ली के कस्तूरबा गांधी अस्पताल की है। सैलरी नहीं मिलने से डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ ने मौन रहकर प्रदर्शन किया। इनका आरोप है कि प्रबंधन ने पिछले तीन महीने से सैलरी नहीं दी है।


देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 2 लाख 98 हजार 300 हो गई है। गुरुवार को लगातार दूसरे दिन 11 हजार से ज्यादा मरीज बढ़े और रिकॉर्ड 393 लोगों की जान गई। ये आंकड़े covid19india.org के आधार पर हैं। इसके अलावा, भारत मरीजों के मामले में स्पेन (2.89 लाख) और ब्रिटेन (2.91 लाख) से आगे निकल गया। अब हम दुनिया में चौथे नंबर पर आ गए हैं। फिलहाल, टॉप-7 संक्रमित देशों में अमेरिका, ब्राजील, रूस, भारत, ब्रिटेन, स्पेन और इटली हैं।
उधर, पंजाब और मध्यप्रदेश सरकार ने लॉकडाउन को सख्ती से लागू करने का फैसला किया है। पंजाब सरकार ने बताया कि शनिवार, रविवार और पब्लिक हॉलिडे पर राज्य में सभी दुकानें, बाजार बंद और लोगों के घर से निकलने पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी। वहीं, मध्यप्रदेश सरकार ने राजधानी भोपाल में हफ्ते में पांच दिन पूरा शहर खोलने का तय किया है। यहां शनिवार और रविवार को दो दिन जरूरी चीजों की दुकानों को छोड़कर शहर पूरी तरह बंद रहेगा। इसे लागू करने की तारीख अभी तय नहीं की गई है। कलेक्टर तरुण पिथोड़े ने बताया कि कारोबारियों से चर्चा के बाद आदेश जारी किया जाएगा।
गुरुवार को महाराष्ट्र और दिल्ली में सबसे ज्यादा मरीज मिले
covid19india.org के मुताबिक, गुरुवार को महाराष्ट्र और दिल्ली में एक दिन में सबसे ज्यादा संक्रमित मिले। महाराष्ट्र में 3607 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई और 152 ने जान गंवाई। वहीं दिल्ली में 1877 मरीज मिले और 101 मौते हुईं। दिल्ली में अब तक कोरोना से 1085 लोग दम तोड़ चुके हैं।

कोरोना अपडेट्स
  • तेलंगाना में कोविड-19 के उपचार के लिए बनाए गए तेलंगाना नोडल अस्पताल में पिछले तीन दिनों से 300 से ज्यादा जूनियर डॉक्टर्स हड़ताल पर हैं। ये लोग अस्पताल में बेहतर सुविधाओं की मांग कर रहे हैं। इनका कहना है कि इस पूरे अस्पताल में 8 डॉक्टर्स हैं जो कि आईसीयू के 120 मरीजों की देखभाल करते हैं। यदि हम मरीज को क्रिटिकल केयर वॉर्ड से किसी दूसरे वॉर्ड में शिफ्ट करते हैं, तो हमें ऑक्सीजन सपोर्ट देने में 40 मिनट का समय लगता है। जबकि यहां पूरे राज्य से संक्रमित मरीज लाए जा रहे हैं। 
  • महाराष्ट्र सरकार में सामाजिक न्याय मंत्री धनंजय मुंडे कोरोना संक्रमित हो गए हैं। उनकी गुरुवार देर रात तक कोरोना रिपोट पॉजिटिव आई।