चीन विवाद पर कल होने वाली सर्वदलीय बैठक में ममता भी होंगी शामिल, कहा- हम मिलकर लड़ेंगे
टीएमसी की तरफ से इस सर्वदलीय बैठक में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद शामिल होने वाली हैं. ममता बनर्जी ने इसके संकेत बुधवार को ही दे दिए थे. दरअसल इस बैठक को लेकर सीएम ममता ने बुधवार को कहा था कि सर्वदलीय बैठक ठीक है, व्यावहारिक रूप से या तकनीकी रूप से यह गलत नहीं है.
भारत और चीन के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चीन के साथ चल रहे सीमा विवाद पर बातचीत के लिए 19 जून को एक सर्वदलीय बैठक बुलाई है. गौरतलब है कि कांग्रेस के तमाम नेता लगातार इस मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साध रहे हैं. लेकिन इस बीच हमेशा मोदी सरकार का मुखर विरोध करने वाली ममता बनर्जी ने सर्वदलीय बैठक का समर्थन किया है.
जानकारी के मुताबिक टीएमसी की तरफ से इस सर्वदलीय बैठक में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद शामिल होने वाली हैं. ममता बनर्जी ने इसके संकेत बुधवार को ही दे दिए थे. दरअसल इस बैठक को लेकर सीएम ममता ने बुधवार को कहा था कि सर्वदलीय बैठक ठीक है, व्यावहारिक रूप से या तकनीकी रूप से यह गलत नहीं है.
ममता बनर्जी ने बुधवार को कहा था कि हम सब एक साथ मिलकर लड़ेंगे. हमें अपने देश पर गर्व है, हम मिलकर लड़ेंगे. हम अपने लोगों के साथ पूरी तरह से एकजुट हैं.
ममता बनर्जी का कहना है कि हम चाहते हैं कि हमारा देश तरक्की करे. हम नहीं चाहते कि हमारे देश पर हमला हो और हम चुपचाप बैठे रहें. दो पक्ष हैं, एक युद्ध है और दूसरा राजनयिक चैनल है. किस पक्ष का इस्तेमाल करना है, यह भारत सरकार तय करेगी.
चीन के साथ झड़प को लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि हम वास्तव में पीड़ित हैं. हमने बंगाल से अपने दो भाइयों को खो दिया है. हम अपनी सेना के साथ अपनी पूरी तरह से एकजुटता व्यक्त करते हैं.
कल है सर्वदलीय बैठक?
बता दें कि लद्दाख के गलवान घाटी में भारत और चीन के बीच हिंसक झड़प पर मोदी सरकार एक्शन में आ गई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 19 जून को शाम 5 बजे सर्वदलीय बैठक बुलाई है. इस बैठक में अलग-अलग पार्टियों के अध्यक्ष शामिल होंगे. इस बैठक में भारत-चीन के बीच सीमा विवाद पर चर्चा की जाएगी.
