दिल्ली में 31 जुलाई तक संक्रमण के साढ़े पांच लाख केस हो सकते हैं, कम्युनिटी ट्रांसमिशन भी शुरू

Kailash

उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा- दिल्ली में 31 जुलाई तक संक्रमण के साढ़े पांच लाख केस हो सकते हैं, कम्युनिटी ट्रांसमिशन भी शुरू


  • सिर से पिता का साया उठना बेटे के लिए सदमे से कम नहीं। मौत जब कोरोना के रूप में आए तो मामला और गंभीर हो जाता है। दिल्ली की इस तस्वीर में बेटा, दफनाए जा रहे पिता को अंतिम बार देखना चाहता है, पर ऐसा करने से एक रिश्तेदार रोक रहा है। वह शायद यही कहना चाहता है कि रुक जाओ, अब तुम्हारी जिंदगी कीमती है।


देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 2 लाख 67 हजार 238 हो गई है। यह आंकड़े covid19india.org के मुताबिक हैं। इस बीच, दिल्ली सरकार के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, एलजी अनिल बैजल और केंद्र सरकार के अफसरों के बीच दिल्ली में कोरोना के हालात को लेकर बैठक हुई। सिसोदिया ने बताया, 'दिल्ली में 31 जुलाई तक साढ़े पांच लाख केस हो सकते हैं। केंद्र सरकार मानती है कि फिलहाल दिल्ली में कम्युनिटी ट्रांसमिशन नहीं हो रहा है। जबकि दिल्ली सरकार को लगता है कि ऐसा शुरू हो चुका है। राजधानी को जुलाई के आखिर तक 80 हजार बेड की जरूरत होगी।'

इससे पहले, दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि राजधानी में कोरोना का कम्युनिटी ट्रांसमिशन शुरू हो गया है। आधे केस इसी तरह के सामने आए हैं। कम्युनिटी ट्रांसमिशन तब होता है जब संक्रमण के सोर्स का पता नहीं चले। हम यह तब कह सकते हैं, जब केंद्र इसका ऐलान करे।
उधर, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सुबह अपने आंकड़े जारी किए। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटे में 9987 मामले सामने आए और 331 मौतें हुईं। इसके साथ, देश में 2 लाख 66 हजार 598 केस हो गए हैं। इनमें 1 लाख 29 हजार 917 एक्टिव केस हैं और 1 लाख 29 हजार 215 लोगों की अस्तपाल से छुट्टी हो गई है। अब तक देश में 7466 मौतें हो चुकी हैं।

कोरोना अपडेट्स
  • इससे पहले, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का सुबह उनके घर पर कोरोना टेस्ट हुआ। बताया जा रहा है कि उनकी रिपोर्ट आने में 48 घंटे का वक्त लगेगा। उनकी तबीयत रविवार दोपहर से खराब है। उन्हें हल्का बुखार और खांसी है।

  • महाराष्ट्र पुलिस ने मंगलवार को बताया कि पिछले 24 घंटों में डिपार्टमेंट में कोई भी नया केस नहीं मिला है। राज्य में अब तक 2,562 पुलिस और अफसर संक्रमित हो चुके हैं। वहीं, 34 जवानों की मौत हो गई है। 

  • केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल में वर्चुअल (ऑनलाइन) रैली की। उन्होंने कहा कि 2014 से राज्य में परिवर्तन के लिए 100 से ज्यादा भाजपा कार्यकर्ताओं ने जान गंवाई, उनका त्याग ‘सोनार बांग्ला’में काम आएगा।

  • प्रवासी मजदूरों की घर वापसी मामले पर सुप्रीम कोर्ट में आज सुनवाई हुई। कोर्ट ने सरकारों से कहा- प्रवासी मजदूरों को 15 दिन में उनके घर भेजा जाए। शीर्ष अदालत ने कहा कि उनके खिलाफ लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन करने पर दर्ज किए गए सभी केस वापस लें।