Rajasthan Election Result 2023 LIVE: राजस्थान में 36 केंद्रों पर होगी काउंटिंग, नतीजे आने में एक दिन बाकी; CP जोशी बोले- राजस्थान में BJP बनाएगी सरकार

Kailash
0


राजस्थान में मतगणना की तैयारी पूरी कर ली गई हैं। राज्य के 199 सीटों पर तीन दिसंबर को सुबह आठ बजे से मतगणना कराई जाएगी। प्रदेश में इस बार कुल 75.45 प्रतिशत मतदान हुआ है। 199 विधानसभा क्षेत्रों के लिए 36 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं जिसमें 1121 एआरओ की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं राजस्थान विधानसभा चुनाव में मतदान के बाद आए अधिकांश एक्जिट पोल में भाजपा को कांग्रेस से आगे बताया गया है। राजस्थान में हर पांच साल में सरकार बदलने का रिवाज कायम रहने की अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि कुछ एक्जिट पोल मे कांग्रेस को आगे दिखाया गया है।


मैं सीएम की रेस में नहीं हूं- सीपी जोशी

Rajasthan Election 2023: राजस्थान बीजेपी अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि बीजेपी 3 दिसंबर को पूर्ण बहुमत के साथ राजस्थान में सरकार बनाएगी। मैं सीएम की रेस में नहीं हूं... बीजेपी 135 से ज्यादा सीटें जीतेगी जबकि कांग्रेस 50 से नीचे रहेगी।

भाजपा-कांग्रेस के बीच राजस्थान में BSP की एंट्री

राजस्थान में चुनाव परिणाम आने से पहले कांग्रेस और भाजपा जैसी बड़ी पार्टियों के साथ छोटी पार्टियों ने भी रणनीति बनानी शुरू कर दी है। बसपा इस बार बाहर से समर्थन देने के बजाय सरकार में शामिल होने के विकल्प पर विचार कर रही है तो राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी और भारतीय ट्राइबल पार्टी के नेता निर्दलीयों को साथ जोड़कर दबाव बनाने की जुगत में हैं।


कांग्रेस देती है फर्जी गारंटी- अनुराग ठाकुर

Rajasthan elections 2023: जयपुर पहुंचे केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, फर्जी वादे और फर्जी गारंटी देना कांग्रेस की पुरानी आदत है। पांच साल तक राहुल गांधी ने (राजस्थान में) झूठे वादे किये। मैं सिर्फ इतना कहूंगा कि कांग्रेस बेनकाब हो गई है और जनता की इच्छा के अनुरूप कल भाजपा सरकार बनाएगी।

गहलोत और वसुंधरा सक्रिय, निर्दलियों से साधा जा रहा संपर्क

भाजपा और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का मानना है कि दोनों पार्टियों में इस बार कांटे की टक्कर हुई है। भाजपा हो या कांग्रेस जो भी जीतेगी उसे हारने वाली पार्टी से पांच से दस सीटें अधिक मिल सकती है।दोनों ही पार्टियों के नेता सार्वजनिक रूप से तो पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने का दावा कर रहे हैं। लेकिन आंतरिक बैठकों में चुनाव परिणाम चौंकाने वाले आने की आशंका जताते हुए रणनीति बनाने में जुटे हैं। जीतने योग्य एक दर्जन निर्दलियों व छोटी पार्टियों के प्रत्याशियों से संपर्क साधा जा रहा है। सूत्रों के अनुसार दोनों ही पार्टियों ने तीन दिसंबर को चुनाव परिणाम आने के बाद विधायकों की बाड़ेबंदी करने की रणनीति बनाई है। कांग्रेस में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत,प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा पार्टी के प्रत्याशियों के साथ ही निर्दलियों से संपर्क साध रहे हैं। पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट दिल्ली में सक्रिय हैं।


कांग्रेस और भाजपा ने किए अपनी-अपनी जीत के दावे

राजस्थान विधानसभा चुनाव में रविवार को परिणाम आएगा। एक दिन पहले आए एक्जिट पोल ने कांग्रेस और भाजपा दोनों ही पार्टियों के नेताओं की धड़कन बढ़ा दी है। हालांकि अधिकांश एक्जिट पोल भाजपा को आगे बता रहे हैं। लेकिन प्रदेश का सबसे प्रसिद्ध फलोदी सट्टा बाजार दोनों पार्टियों में कांटे की टक्कर बता रहा है। दोनों ही पार्टियों के आंतरिक सर्वे में भी हार-जीत की सीटों का अंतर कम रहने की बात सामने आई है। इस बीच दोनों ही पार्टियों के नेताओं ने अपनी-अपनी सरकार बनाने का दावा किया है।

रिसोर्ट और विमान बुक

चुनाव परिणाम आने से पहले ही कांग्रेस और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने जीतने वाले विधायकों की बाड़ेबंदी की तैयारी प्रारंभ कर दी है। सूत्रों के अनुसार गहलोत ने बेंगलुरू और राजस्थान के उदयपुर में दो-दो रिसोर्ट बुक करवाए हैं। चुनाव परिणाम आते ही जीतने वाले कांग्रेस और निर्दलीय विधायकों को इन रिसोर्ट में लेकर जाने की योजना है। गहलोत,डोटासरा और उनके विश्वस्तों ने पिछले तीन दिन में 13 ऐसे निर्दलीय प्रत्याशियों से संपर्क किया है,जो जीत सकते हैं। भाजपा के रणनीतिकार जीतने वाले विधायकों को गुजरात लेकर जाने की योजना बना रहे हैं। सूत्रों के अनुसार दोनों ही पार्टियों ने दो-दो विमान भी बुक करवाए हैं।


इन निर्दलियों से साधा जा रहा संपर्क

मसूदा से निर्दलीय प्रत्याशी वाजिद चीता,शाहपुरा के आलोक बेनीवाल,लूणकरणसर के वीरेंद्र बेनीवाल और नागौर के हबीबुर्रहमान ने गहलोत से बातचीत होने की पुष्टि करते हुए कहा,उन्हे सीएम ने जयपुर मिलने बुलाया है। वहीं भाजपा चुनाव जीतने योग्य पार्टी के बागी शिव सीट से रविंद्र सिंह,डीडवाना से युनूस खान,शाहपुरा से कैलाश मेघवाल,चित्तोड़गढ़ से चंद्रभान आक्या,वल्लभनगर से दीपेंद्र कंवर से संपर्क साध रही है। साथ ही छबड़ा सीट से निर्दलीय नरेश मीणा,नोखा से कन्हैयालाल झंवर,बाड़मेर से प्रियंका चौधरी,झुंझुनूं से राजेंद्र भांबू,किशनगढ़ से सुरेश टांक,डग से रामचंद्र सुनारीवाल,बसेड़ी से खिलाड़ी लाल बैरवा,पुष्कर से गोपाल बाहेती व बानसूर से रोहिनाश्व शर्मा से दोनों ही पार्टियों के नेता संपर्क साध रहे हैं।

कांग्रेस नेताओं की सत्ता में वापसी के आसार

कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने शुक्रवार को कहा,सारे सर्वे फेल होंगे। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार पूर्ण बहुमत से बनेगी। उन्होंने कहा,भाजपा के नेता मुंगेरीलाल के सपने देख रहे हैं। पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने भी कांग्रेस के फिर से सत्ता में आने की बात कह रहे हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक दिन पहले जयपुर में मीडिया से बात करते हुए कहा था कि एक्जिट पोल कुछ भी आए,लेकिन सरकार हमारी बनेगी।


कांग्रेस ने हॉर्स ट्रेडिंग का पूरा प्रबंध किया है: भाजपा

भाजपा के राज्यसभा सांसद किरोड़ी लाल मीणा ने कहा,कांग्रेस ने हॉर्स ट्रेडिंग का पूरा प्रबंध किया है। बेंगलुरू में रिसोर्ट बुक करवाए हैं। किरोड़ी ने कहा, हमने कमल के फूल और पीएम मोदी के नाम पर चुनाव लड़ा है। सीएम का चेहरा केंद्रीय नेतृत्व तय करेगा। वहीं शिवसेना के प्रदेश प्रभारी चंद्रराज सिंघवी ने राजस्थान में भाजपा की सरकार बनने का दावा करते हुए कहा कि कांग्रेस की करारी हार होगी। मोदी के नाम और चेहरे को देखकर लोगों ने भाजपा को वोट दिया है। अयोध्या में बन रहे राममंदिर ने हिंदू समाज का जागरूक किया है। उधर सांगोद से कांग्रेस विधायक भरत सिंह ने शुक्रवार को अपने विधानसभा क्षेत्र के लोगों के नाम खुला पत्र लिखा है। भरत सिंह ने इस बार चुनाव लड़ने से इन्कार कर दिया था। उन्होंने पत्र में कहा, विधायक के रूप में यह मेरा अंतिम पत्र है। चार बार विधायक के रूप में कार्य करने का जनता ने मुझे अवसर प्रदान किया उसके लिए सभी का आभारी हूं।

Tags

Post a Comment

0Comments
Post a Comment (0)